सीआईए1 की सख्त कार्रवाई गौ तस्करी मामले में चौथा आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 31 मार्च: जिला पुलिस करनाल की सीआईए-1 टीम ने गौ तस्करी के मामले में सख्त कार्रवाई करते हुए एक और आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई सीआईए-1 इंचार्ज निरीक्षक संदीप सिंह के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक राजीव कुमार की टीम द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान चांद पुत्र धन सिंह निवासी गांव बबैन, जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। आरोपी इस मामले में सक्रिय गिरोह का चौथा सदस्य है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि अज्ञात तस्करों द्वारा थाना इंद्री क्षेत्र में नहर की पटरी पर गोवंश को काटकर उनके सिर को नहर में फेंक दिया जाता था। इस संबंध में थाना इंद्री में मुकदमा नंबर 109/2026 धारा 13(1)/13(2) हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गौसंवर्धन अधिनियम 2015 व धारा 238(बी) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
पुलिस टीम ने पहले ही इस मामले में तीन आरोपी आजम, नवाब व शहजाद को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया था, जहां से उनका 5 दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ में खुलासा हुआ कि गौ तस्करी के इस नेटवर्क में उनका एक अन्य साथी चांद भी शामिल है।
पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव बबैन से गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आसपास के क्षेत्रों से गोवंश एकत्रित कर अपने साथियों को सप्लाई करता था। मामले में आज आरोपी को माननीय न्यायालय के सामने पेश कर जिला जेल भेजा गया है।
