मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सड़क व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने पर बैठक की
चंडीगढ़, 21 जुलाई - हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने राज्य में सड़क व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए अंतर-राज्यीय सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हरियाणा में प्रवेश करने वाली सभी सड़कें अच्छी स्थिति में होनी चाहिए ताकि लोगों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
मुख्यमंत्री आज यहां राज्य में सड़कों के नवीनीकरण एवं मरम्मत से संबंधित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
श्री नायब सिंह सैनी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़कों की मरम्मत एवं विकास कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए और गुणवत्ता के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री ने राज्य की सड़कों को गड्ढा मुक्त बनाने के उद्देश्य से विकसित किए जा रहे मोबाइल ऐप की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक विभाग यह सुनिश्चित करे कि उसकी सभी सड़कों का शत-प्रतिशत चयन करके उन्हें जल्द से जल्द ऐप पर अपलोड कर दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि मोबाइल ऐप सरल होना चाहिए ताकि आम जनता इसका आसानी से उपयोग कर सके। इस एप्लीकेशन में आम जनता राज्य में क्षतिग्रस्त सड़कों या सड़कों में गड्ढों के बारे में शिकायत दर्ज करा सकेगी, इससे त्वरित समाधान सुनिश्चित कर सड़कों को बेहतर बनाया जा सकेगा।
बैठक में मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री अरुण कुमार गुप्ता, लोक निर्माण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री अनुराग अग्रवाल, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. साकेत कुमार, हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के प्रबंध निदेशक श्री यश गर्ग और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री मुकेश कुमार आहूजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
