टाहलीवाल में गैस सिलेंडर को लेकर मची अफरातफरी टायर पंक्चर होते ही उमड़ी भीड़

हरोली/ऊना, 21 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- टाहलीवाल क्षेत्र में इन दिनों गैस सिलेंडर की किल्लत आम लोगों के लिए गंभीर समस्या बनती जा रही है। हालात ऐसे बन गए हैं कि जैसे ही गैस सिलेंडर से भरी गाड़ी शहर में प्रवेश करती है, लोग उसके पीछे दौड़ पड़ते हैं और किसी भी तरह सिलेंडर हासिल करने की कोशिश करते हैं।
शनिवार को अमराली मार्ग पर भी इसी तरह का नजारा देखने को मिला। गैस सिलेंडर की गाड़ी को रोकने के लिए लोग लगातार आवाजें लगाते रहे, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इसी दौरान रेस्ट हाउस के समीप अचानक गाड़ी का टायर पंक्चर हो गया, जिससे गाड़ी को रुकना पड़ा।
गाड़ी रुकते ही मौके पर सिलेंडर लेने वालों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोग बिना किसी क्रम के गाड़ी के चारों ओर इकट्ठा हो गए और सिलेंडर लेने की होड़ मच गई। स्थिति इतनी अव्यवस्थित हो गई कि लोगों ने यह भी नहीं देखा कि उनका गैस कनेक्शन किस क्षेत्र से संबंधित है।
चाहे मैहतपुर हो या संतोषगढ़, हर कोई किसी भी तरह सिलेंडर पाने की कोशिश में जुटा रहा। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना रहा और व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में गैस आपूर्ति व्यवस्था सुचारू न होने के कारण ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण प्रणाली को व्यवस्थित किया जाए, ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों का सामना न करना पड़े।