चानौत गांव वासियों पर दर्ज मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं राजेन्द्र सोरखी
हांसी:–आम आदमी पार्टी ने गांव चानोत के 31 लोगों पर पुलिस द्वारा मुकदमे दर्ज किए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है तथा इसके लिए प्रशासन व सरकार की हठधर्मिता को जिम्मेवार बताया है। पार्टी के हांसी जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने प्रेस को जारी बयान में कहा है कि पिछले लगभग 20 दिनों से इतनी गर्मी में पानी की मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे ग्रामीणों को उनकी मूलभूत जरूरत पानी की समस्या तो दूर की नहीं जा सकी बल्कि उन्हें परेशान करने के लिए पुलिस केस तक दर्ज कर दिए गए ताकि और तंग किया जा सके।
राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि हांसी हलके के विधायक अपने हल्का वासियों को उनकी मूलभूत जरूरत पानी की मांग को पूरा करने में नाकाम रहे हैं चानोत गांव वासियों को जब अपनी पानी की मांग को लेकर सड़कों पर आना पड़ा तो उन्हें प्रताड़ित करने के लिए उन पर पुलिस केस दर्ज करवा दिए गए।
आम आदमी पार्टी ने कहा कि इतनी भीषण गर्मी में पानी हर किसी की मूलभूत जरूरत है और हलके का प्रतिनिधि होने के नाते विधायक की जिम्मेवारी भी बनती है। अपनी जिम्मेवारी पूरी न करने पर गांव वासियों ने विधायक को खरी-खोटी भी सुनाई। इसके बाद भी समस्या का कोई हल नहीं निकाला गया। राजेन्द्र सोरखी ने चेतावनी देते हुए कहा कि चानोत गांव वासियों पर दर्ज हुए मुकदमे तुरंत वापस लिए जाएं तथा जल्द से जल्द उनकी पानी की मांग को पूरा किया जाए अन्यथा पार्टी गांव वासियों के साथ हर आंदोलन में सक्रियता से भाग लेगी।
