शिंदे के खिलाफ 'अपमानजनक' टिप्पणी करने पर कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ मामला दर्ज
मुंबई, 24 मार्च - मुंबई पुलिस ने स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ एक शो के दौरान महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी करने के लिए मामला दर्ज किया है। इतना ही नहीं पुलिस ने मुंबई के खार इलाके में स्थित हैबिटेट स्टूडियो और होटल में कथित तौर पर तोड़फोड़ करने वाले 40 शिवसेना कार्यकर्ताओं के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। दावा किया जा रहा है कि कामरा के शो 'गदर' की शूटिंग इसी स्टूडियो में हुई थी, जिसमें शिंदे के खिलाफ कथित टिप्पणियां की गई थीं।
पुलिस ने बताया कि रविवार रात बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता होटल यूनिकॉन्टिनेंटल के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने कथित तौर पर होटल और उसके अंदर स्थित स्टूडियो में तोड़फोड़ की। गौरतलब है कि हैबिटेट स्टूडियो वही जगह है जहां विवादास्पद शो 'इंडियाज गॉट टैलेंट' की शूटिंग हुई थी।
शिवसेना विधायक मुरजी पटेल ने कामरा के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। पटेल की शिकायत के आधार पर एमआईडीसी पुलिस ने सोमवार तड़के स्टैंड-अप कॉमेडियन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (353(1)(बी) और 356(2)) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए 2 मिनट के वीडियो में कामरा सत्तारूढ़ एनसीपी और शिवसेना का मजाक उड़ाते नजर आ रहे हैं।
एक अधिकारी ने बताया कि खार पुलिस ने 19 शिवसेना नेताओं के खिलाफ एक और प्राथमिकी दर्ज की है। इनमें राहुल कनाल (युवा सेना), विभाग प्रमुख कुणाल सरमारकर और अक्षय पनवेलकर और 15 से 20 अज्ञात व्यक्ति शामिल हैं, जिन पर हैबिटेट स्टूडियो में तोड़फोड़ करने के साथ-साथ होटल की संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाने का आरोप है। खार पुलिस के उपनिरीक्षक विजय सैद, जिनकी शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी, ने अपने बयान में आरोप लगाया कि पनवेलकर, सरमारकर और अन्य शिवसैनिकों ने होटल और स्टूडियो में प्रवेश किया और तोड़फोड़ की।
