प्रो सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित
हरोली/ऊना, 11 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और करियर के विभिन्न अवसरों के बारे में जानकारी देने के उद्देश्य से 11 मार्च को एक करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जेपी यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी की टीम ने महाविद्यालय का दौरा किया और विद्यार्थियों को प्रबंधन शिक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय से प्रोफेसर अनुप्रिया (प्रबंधन विभाग), डॉ. टायसन (जैव प्रौद्योगिकी विभाग) तथा ज्योति (प्रवेश विभाग) विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रोफेसर अनुप्रिया ने विद्यार्थियों को एमबीए तथा अन्य प्रबंधन पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से भविष्य में अनेक रोजगार और करियर के अवसर उपलब्ध हो सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम का आयोजन रेड रिबन क्लब की संयोजक कल्पना शर्मा, सदस्य ज्योति शर्मा तथा महिला प्रकोष्ठ की संयोजक डॉ. शकुंतला राणा के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेन्द्र कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया और विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपने भविष्य के लिए सही दिशा चुनने में सहायता प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अतिथियों से अपने करियर से संबंधित विभिन्न प्रश्न भी पूछे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें उच्च शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।
