पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय कालेज में कैंसर जागरूकता कार्यक्रम
करनाल, 3 फरवरी:- यहां के पंडित चिरंजी लाल शर्मा राजकीय महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाइयों तथा महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त सहयोग से विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर एक कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. हरि कृष्ण राठी तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. विकास नेहरा ने चित्रात्मक प्रस्तुति के माध्यम से स्तन कैंसर एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के कारण, लक्षण, प्रारंभिक पहचान और बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. विकास नेहरा ने प्रारंभिक जांच के महत्व पर जोर देते हुए महिलाओं को घर पर स्वयं जांच करने की विधि सरल एवं स्पष्ट शब्दों में समझाई। उन्होंने बताया कि यदि रोग की पहचान प्रारंभिक अवस्था में हो जाए तो उपचार अधिक सरल हो जाता है और जीवन रक्षा की संभावना बढ़ जाती है। उन्होंने किसी भी असामान्य लक्षण को नजरअंदाज न करने की अपील की।
डॉ. हरि कृष्ण राठी ने गर्भाशय ग्रीवा कैंसर के विषय में एचपीवी टीके की उपयोगिता को विस्तार से समझाया और टीके को लेकर समाज में फैली भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह टीका सुरक्षित है और भविष्य में महिलाओं को इस गंभीर रोग से बचाने में सहायक सिद्ध होता है। दोनों चिकित्सकों ने जागरूकता, सही जानकारी और समय पर जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
प्राचार्या डॉ. रेखा त्यागी ने भी अतिथि चिकित्सकों, महिला प्रकोष्ठ तथा राष्ट्रीय सेवा योजना की टीम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम समाज को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस मौके पर राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश रंगा एवं डॉ. करमजीत कौर, डॉ. सरिता आर्य, डॉ. मोना बत्रा, डॉ. किरण दलाल, डॉ. रश्मि तुली, डॉ. नितिका अरोड़ा, डॉ. विजय लक्ष्मी तथा डॉ. चरण ग्रोवर भी उपस्थित रहे
