मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत चब्बेवाल से श्रद्धालुओं की बस रवाना

होशियारपुर:- चब्बेवाल, पंजाब सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत क़स्बा चब्बेवाल  से तीर्थ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं से भरी एक विशेष बस को विधिवत अरदास के उपरांत रवाना किया गया। इस अवसर पर चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार  ने बीएस को हरी झंडी दिखा कर श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुखद, सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना की।
इस अवसर पर विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के माध्यम से बुजुर्गों और श्रद्धालुओं की लंबे समय से चली आ रही धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा को पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि कई ऐसे लोग होते हैं जो आर्थिक या अन्य कारणों से प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा नहीं कर पाते। यह योजना ऐसे लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
विधायक ने कहा, “मैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं, जिन्होंने आम लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, ठहरने और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं, जिससे हजारों परिवार लाभान्वित हो रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। तीर्थ यात्रा जैसी योजनाएं न केवल लोगों की आस्था से जुड़ी हैं बल्कि सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को भी मजबूत करती हैं।
श्रद्धालुओं ने भी पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल से उन्हें पवित्र धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिला है। उन्होंने विधायक डॉ. ईशांक कुमार का भी आभार जताया, जिन्होंने यात्रा के आयोजन में विशेष रुचि दिखाई।
 बस के रवाना होने पर श्रद्धालुओं के चेहरों पर उत्साह और श्रद्धा का विशेष भाव देखने को मिला।