बीएसएफ ने एनसीबी के साथ संयुक्त अभियान के दौरान हेरोइन के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया

अमृतसर, 22 अप्रैल - बीएसएफ ने नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) के सहयोग से चलाए गए संयुक्त अभियान के दौरान अमृतसर के सीमावर्ती क्षेत्र से हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बीएसएफ अधिकारियों ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि खुफिया विंग से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर एक संयुक्त अभियान में बीएसएफ और एनसीबी अमृतसर के जवानों ने कल रात अमृतसर के सीमावर्ती गांव रनियां में एक संदिग्ध व्यक्ति के घर पर छापा मारा। वहां से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से उसके घर के आंगन में ईंटों के ढेर के नीचे छिपाकर रखी गई संदिग्ध हेरोइन के 2 पैकेट (804 ग्राम) बरामद हुए। उसके पास से एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर अमृतसर के रानियां गांव का निवासी है। मादक पदार्थ तस्करों के साथ उसके संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि हेरोइन की खेप की बरामदगी के साथ-साथ नार्को तस्कर की गिरफ्तारी बीएसएफ जवानों की सतर्कता और खुफिया विंग की पुख्ता सूचना के कारण संभव हो पाई है।