भाई बना कातिल हथौड़े से की बेरहमी से हत्या 4 महीने बाद गिरफ्तारी

करनाल, 20 मार्च:- जिला पुलिस करनाल के थाना घरौंडा के प्रबंधक निरीक्षक इंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने हत्या के एक मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई विश्वसनीय सूचना के आधार पर उप निरीक्षक मनजीत सिंह की अध्यक्षता में की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज हंसदा पुत्र राम हंसदा निवासी गांव खुदना रुपसपुर भरखल, जिला कटिहार (बिहार) के रूप में हुई है।
जांच अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी मनोज हंसदा सितंबर 2025 में अपने बड़े भाई संतोष हंसदा के साथ गांव बरसत स्थित शिव शक्ति राइस मिल में मजदूरी करने आया था। दोनों एक ही कमरे में रहते थे।
दिनांक 25 नवंबर 2025 को घर जाने की बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने रात के समय कमरे में रखे हथौड़े से अपने भाई संतोष हंसदा के सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। इस संबंध में थाना घरौंडा में मुकदमा नंबर 714/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और आज उसे माननीय न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।