मोहाली में ब्रह्माकुमारीज ने मनाई दीवाली और राजयोगी बृजमोहन भाई को दी श्रद्धांजलि

मोहाली 21 अक्तूबर: प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के सुख शांति भवन फेज़ 7 में कल दिवाली का समारोह एक अनूठे आध्यात्मिक रंग में सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर दिवाली के दीप प्रज्ज्वलित किए गए और इस संस्था के पूर्व महासचिव आदरणीय राजयोगी ब्रह्माकुमार बृजमोहन भाई जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मोहाली क्षेत्र के सैकड़ों भाई-बहनों ने भाग लिया जिन्होंने दीप प्रज्ज्वलन के साथ दिवाली के आध्यात्मिक महत्व को आत्मसात किया।
मोहाली-रोपड़ सर्कल के राजयोग केंद्रों की संचालिका ब्रह्माकुमारी प्रेमलता बहन जी ने इस अवसर पर संदेश दिया कि दिवाली असल में आध्यात्मिक प्रकाश का पर्व है। अपनी आत्मा की ज्योति को जगाने व बाहरी सफाई के साथ साथ मन के विचारों को शुद्ध करें । इस पर्व पर नकारात्मक वृतियों का त्याग करें । इस अवसर पर रोपड़ राजयोग केंद्र संचालिका ब्रह्माकुमारी डॉ. रमा दीदी ने कहा कि आत्म-ज्योति जगाने हेतू दीपराज परमज्योति परमात्मा पिता से राजयोग के माध्यम से सम्बंध स्थापित कर अन्य आत्माओं का दीपक जगायें और निर्विकारी जीवन जीयें तभी हम विश्व को पुनः दिव्यता की ओर ले जा सकते हैं।
इस अवसर पर पंजाब जोन के मीडिया सर्विस विंग के जोनल कोऑर्डिनेटर ब्रह्माकुमार कर्मचंद ने ब्रह्माकुमार बृजमोहन भाई जी जिन्होने अभी 9 अक्तूबर 2025 को देह त्याग दी थी, उनको को श्रद्धा-सुमन अर्पित किए और बताया कि वे एक आदर्श राजयोगी, कुशल वक्ता, लेखक, मार्गदर्शक, समाज सुधारक व संस्था के मुख्य प्रवक्ता थे, जिन्होंने पंजाब समेत विश्वभर में परमात्मा शिव का संदेश पहुँचाया। उन्होंने गीता के भगवान को सिद्व करने के संबंध में अनेक महासम्मेलन किए और अपना जीवन बालब्रह्मचारी, तपस्या व त्यागमय जीवन के रूप में बिताया। वे ब्रह्माकुमारीज के सेक्रेटरी जनरल और पॉलिटिकल सर्विस विंग के चेयरपर्सन भी थे।
लगभग 300 भाई-बहनों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम ओमशांति के संकल्प और वैश्विक शांति की कामना के साथ सम्पन्न हुआ।