हवस की हदें पार घर में घुसकर फिर वारदात की कोशिश
करनाल, 02 जून:- बुटाना थाना क्षेत्र के एक गांव में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पहले कुरुक्षेत्र जिले के शाहाबाद क्षेत्र में अपनी बुआ के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। इसी दौरान दूसरे गांव का रहने वाला एक युवक उसका पीछा करने लगा। परिवार का आरोप है कि युवक की हरकतों से परेशान होकर लड़की को पढ़ाई छोड़कर वापस गांव आना पड़ा, लेकिन इसके बावजूद आरोपी उसका पीछा करता रहा।
शिकायत के अनुसार 30 मई की रात आरोपी युवक घर में घुस आया और लड़की के साथ फिर से गलत हरकत करने की कोशिश की। घर में आहट होने पर परिवार के सदस्य जाग गए, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद लड़की ने परिजनों को बताया कि आरोपी पहले भी उसके साथ दुष्कर्म कर चुका है।
परिवार का आरोप है कि अगले दिन आरोपी दोबारा घर पहुंचा और लड़की को जबरन अपने साथ ले जाने की धमकी दी। पीड़िता के पिता ने पुलिस को बताया कि आरोपी से उनके परिवार को जान-माल और बेटी की सुरक्षा का खतरा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
