नहर में मिला हरियाणवी मॉडल का शव
सोनीपत, 16 जून- खरखौदा इलाके में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से सटी नहर में मिले शव की पहचान हो गई है। शव हरियाणवी मॉडल शीतल का बताया जा रहा है। वह पानीपत के खलीला माजरा की रहने वाली थी और फिलहाल पानीपत की सत करतार कॉलोनी में अपनी बहन नेहा के साथ रह रही थी। शीतल की बहन ने रविवार को पानीपत के पुराने औद्योगिक क्षेत्र स्थित थाने में शीतल के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी।
बताया जा रहा है कि शीतल अपने प्रेमी के साथ थी, जिसकी कार नहर के पास से बरामद हुई है। सुनने में आ रहा है कि शीतल ने अपनी बहन को वीडियो कॉल के जरिए बताया था कि उसके प्रेमी ने उसके साथ मारपीट की है और उसकी गर्दन पर भी चोट लगी है। इसके बाद उसका अपनी बहन से संपर्क टूट गया। बाद में रविवार रात को शीतल का शव खरखौदा के एनसीआर वाटर चैनल (नहर) में मिला।
खरखौदा पुलिस शव की पहचान करने में जुटी हुई है। थाना प्रभारी प्रेम ने बताया कि पानीपत से लड़की के लापता होने की सूचना मिली है। शिकायतकर्ता से संपर्क किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया मृतका की पहचान शीतल के रूप में हुई है। परिजन पानीपत से आकर इसकी पुष्टि करेंगे।
