ब्लैक स्कॉर्पियो का ब्लैक डे 50 हजार का चालान और गाड़ी इंपाउंड
करनाल, 9 नवंबर:- करनाल में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वाले चालकों पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में पुलिस ने एक ब्लैक स्कॉर्पियो गाड़ी पर 50,500 रुपये का भारी चालान काटा है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है। लोग यह जानकर हैरान हैं कि आखिर ऐसा कौन सा नियम तोड़ा गया, जिसके चलते चालान की रकम इतनी बड़ी बन गई।
जानकारी के मुताबिक, स्कॉर्पियो चालक अपनी गाड़ी को शहर के बाजार क्षेत्र में चला रहा था। गाड़ी में काली जालियां लगी हुई थीं और लाउड म्यूजिक बज रहा था। पुलिस ने जब उसे कई बार रोकने की कोशिश की तो चालक नहीं रुका। अंत में जब पुलिस ने आगे जाकर गाड़ी को रोका, तो लाइसेंस की जांच में पता चला कि उसके पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था।
इसके बाद पुलिस ने एक के बाद एक कई ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर चालान काटा, जिनकी कुल राशि ₹50,500 निकली। इतना ही नहीं, पुलिस ने गाड़ी को इंपाउंड भी कर लिया।
सिविल लाइन थाना प्रभारी राम लाल ने चेतावनी दी है कि शहर में कोई भी व्यक्ति नियमों की अनदेखी करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि अपराधी सुधरें या फिर क्षेत्र छोड़ दें, वरना सख्त कारवाई की जाएगी।
बता दें कि हाल के दिनों में पुलिस लगातार काली फिल्म, काली जालियां और बिना नंबर प्लेट वाली गाड़ियों के खिलाफ अभियान चला रही है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था और कानून का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
