चंडीगढ़ में बीजेपी मेयर पूरी तरह विफल विजसय पाल सिंह

चंडीगढ़, 5 जनवरी:- आम आदमी पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष श्री विजयपाल सिंह ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और उसके मेयर पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पिछले एक वर्ष में BJP के मेयर ने चंडीगढ़ के लिए एक भी ठोस विकास कार्य नहीं किया। पूरे कार्यकाल में विकास पूरी तरह ठप रहा और शहर को केवल घोटालों की सरकार ही मिली।
श्री विजयपाल सिंह ने कहा कि मनीमाजरा 24x7 पानी घोटाला BJP की सबसे बड़ी प्रशासनिक विफलता का स्पष्ट उदाहरण है। BJP नेता मनीमाजरा की ज़मीन को कम माप कर बेचने की कोशिश करते रहे, लेकिन आज तक मनीमाजरा की जनता को साफ़ पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं कराया गया। यह BJP की जनविरोधी नीति और नाकाम शासन को उजागर करता है।
उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के सभी पार्षदों को एमसी हाउस से जबरन बाहर निकाला गया, केवल इसलिए क्योंकि वे जनता के हित में वी -3 सड़कों के निर्माण जैसे बुनियादी मुद्दे उठा रहे थे। बीजेपी को जनता की आवाज़ से डर लगता है, इसी कारण लोकतांत्रिक रूप से चुने गए जनप्रतिनिधियों को चुप कराने का प्रयास किया गया।
विजयपाल सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की जनता के साथ किसी भी प्रकार का धोखा नहीं करेगी। बीजेपी ने सत्ता का खुला दुरुपयोग कर नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया है, लेकिन अब चंडीगढ़ की जागरूक जनता सब कुछ देख और समझ रही है।
उन्होंने आगे कहा कि आम आदमी पार्टी बीजेपी को मेयर पद से दूर रखने के लिए ठोस और प्रभावी रणनीति तैयार कर रही है, ताकि चंडीगढ़ को भ्रष्टाचार से मुक्त कर वास्तविक और ईमानदार विकास की राह पर लाया जा सके।
आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रहेगा।