राज्यसभा चुनाव में भाजपा व कांग्रेस ने खुलेआम लोकतंत्र का मजाक उड़ाया राजेन्द्र सोरखी
हांसी:– आम आदमी पार्टी ने कहा है कि हरियाणा में गत दिवस हुए राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी व कांग्रेस पार्टी दोनों लोकतंत्र का मजाक उड़ाते हुए दिखाई दिए। प्रदेश की जनता दोनों पार्टियों के कारनामों पर आश्चर्यचकित है। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि जगजाहिर है कि राज्यसभा के चुनाव में विधायकों की बड़े पैमाने पर खरीद-फरोख्त हुई। दोनों पार्टियों ने प्रदेश के करोड़ों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाई जिसका आने वाले समय में हिसाब लिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव में अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ क्रॉस वोटिंग करना सीधा-सीधा भ्रष्टाचार की ओर संकेत देता है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई से जांच करवाने व मामला ईडी को देने की मांग की है। इससे भी हैरान करने वाली बात यह है कि सत्ता धारी भाजपा जो हर समय बिना खर्ची और बिना पर्ची की बात करती है, आज उनका भी चेहरा बेनकाब हो गया है। चुनाव में जिस तरह सेटिंग बाजी का खेल खेला गया, उससे जाहिर हो गया है कि अनेक विधायक व उनके आका तक इस पूरे खेल में शामिल रहे।
आप के जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि कई-कई बार के चुने हुए विधायक हर तरह की समझ रखते हैं और इस चुनाव में तो केवल आसानी से वोट डालना था, जबकि कई वोट क्रॉस डाले गए तथा जानबूझकर गलत डाले गए ताकि वे रद्द हो जाएं। आम आदमी पार्टी ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि हिमाचल की वादियों में सभी कांग्रेस विधायकों को ले जाकर वहां बाकायदा वोट डालने का प्रशिक्षण तक दिया गया।
लाखों-लाखों लोगों का प्रतिनिधित्व करने वाले यह विधायक बड़ी चतुराई से गेम खेल गए। उन्होंने कहा कि प्रजातंत्र की धज्जियां उड़ाने वाले सभी विधायकों को कांग्रेस पार्टी से निष्कासित किया जाना चाहिए और आने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा को भी सबक सिखाया जाना चाहिए ।
