सिस्टिक फाइब्रोसिस के इलाज में बड़ी सफलता
चंडीगढ़: सिस्टिक फाइब्रोसिस नामक गंभीर फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित लोगों के लिए अच्छी खबर। राष्ट्रीय फार्मास्युटिकल शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाइपर), एस.ए.एस. नगर के शोधकर्ताओं ने पता लगा लिया है कि इस बीमारी के इलाज के लिए कौन-सी दवाएं सबसे बेहतर काम करती हैं।
प्रो. दीपिका बंसल के नेतृत्व में टीम ने कई अंतरराष्ट्रीय अध्ययनों के परिणामों का विश्लेषण किया और पाया कि दो दवाएं मरीजों को सबसे अधिक लाभ पहुंचाती हैं। इससे अब डॉक्टरों को सबसे प्रभावी इलाज के बारे में स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल गए हैं, जिससे मरीज ज्यादा स्वस्थ जीवन जी सकेंगे।
यह शोध भारत के शीर्ष अस्पतालों – पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ और एम्स नई दिल्ली – के साथ साझेदारी में किया गया था। निष्कर्ष एक प्रमुख अंतरराष्ट्रीय मेडिकल जर्नल में प्रकाशित हुए हैं, जिससे भारतीय शोध को वैश्विक पहचान मिली है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यह खोज एक बहुत बड़ा कदम है, जिससे इस जानलेवा बीमारी का इलाज आसान और ज्यादा प्रभावी हो जाएगा।
