वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद संतोखगढ़ का द्विवार्षिक चुनाव सम्पन्न
संतोषगढ़/ऊना, 12 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद संतोखगढ़ में द्विवार्षिक चुनाव सफलतापूर्वक सम्पन्न हुए। मौजूदा कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने के उपरांत आज आम सभा की बैठक डॉ. राम नारायण प्रभाकर की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
इस अवसर पर मौजूदा सचिव जगमोहन सिंह वालिया ने अपने कार्यकाल के दौरान परिषद द्वारा किए गए कार्यों और उपलब्धियों का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया, जिसकी समूची कार्यकारिणी एवं उपस्थित सदस्यों ने सराहना की। इसके बाद सर्वसम्मति से मौजूदा कार्यकारिणी को भंग करने का निर्णय लिया गया।
तत्पश्चात डॉ. राम नारायण प्रभाकर ने नए अध्यक्ष पद के लिए जगमोहन सिंह वालिया के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसे सभी उपस्थित सदस्यों ने एक स्वर में स्वीकार कर लिया। इस प्रकार जगमोहन सिंह वालिया को सर्वसम्मति से परिषद का अध्यक्ष चुन लिया गया।
इसी क्रम में बलराम महे को महासचिव तथा अशोक कुमार तेजपाल को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवनियुक्त पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नई कार्यकारिणी आगामी दो वर्षों के लिए चुनी गई है और सभी मिलकर वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद संतोखगढ़ के माध्यम से क्षेत्र के वरिष्ठ नागरिकों के हित में कार्य करते रहेंगे।
अध्यक्ष जगमोहन सिंह वालिया ने आगे कहा कि परिषद के लिए स्थायी कार्यालय की व्यवस्था करने हेतु प्रशासन के साथ पत्राचार एवं वार्ता की जाएगी, ताकि संस्था का स्थायी कार्यालय स्थापित किया जा सके।
इस अवसर पर पंडित शिव किशोर वासुदेव, डॉ. राम नारायण प्रभाकर, चरण दास महाजन, राकेश चब्बा, अमर सिंह सैनी, पूर्व पार्षद चरण सिंह सैनी, भाग सिंह सैनी, अशोक कुमार, बलराम महे, प्रताप सिंह नेगी, अशोक कुमार तेजपाल, महेश कुमार चब्बा, रमेश महाजन और राम मूर्ति सैनी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
