भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा द्वारा सांझा चूल्हा कार्यक्रम का भव्य एवं उल्लासपूर्ण आयोज
करनाल, 30 दिसंबर:- भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा द्वारा एस.डी. सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रेलवे रोड के पास “सांझा चूल्हा” कार्यक्रम का पारंपरिक, रंग-बिरंगा एवं अत्यंत आनंदमय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आपसी सौहार्द, उत्साह और आत्मीय वातावरण के साथ हुई। इस अवसर पर शाखा के सभी सदस्यों एवं उनके परिवारजनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में सदस्यों द्वारा घर से बनाए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों का सभी ने मिलकर आनंद लिया। नए-नए प्रकार के मनोरंजक खेलों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया, वहीं रंग-बिरंगे गीतों, संगीत और मस्ती से पूरा परिसर उल्लास से भर गया। “सांझा चूल्हा” कार्यक्रम में बच्चों से लेकर वरिष्ठ सदस्यों तक सभी की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली। कार्यक्रम का मंच संचालन सचिव श्रीमती सोनिया मेहता जी द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया।
इस सफल आयोजन के प्रकल्प प्रमुख श्रीमान अनिल मदान जी एवं श्रीमान ललित सुखिजा जी तथा उनकी पूरी टीम को शाखा की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं। उनकी उत्कृष्ट योजना, समर्पण और सशक्त टीमवर्क के कारण यह कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं यादगार बन सका। भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा भविष्य में भी इसी प्रकार समाज को जोड़ने वाले, संस्कारों एवं सेवा भाव से परिपूर्ण कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।
