भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा की ओर से कन्या पूजन का आयोजन
करनाल ,1अक्टूबर: मंगलवार को भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा द्वारा दुर्गा अष्टमी के पावन अवसर पर कन्या पूजन का भव्य आयोजन किया गया।
शाखा की महिला सहभागिता साक्षी सलूजा एवं शाखा सचिव सोनिया मेहता ने विधिवत रूप से 21 कन्याओं का पूजन किया। पूजन उपरांत सभी कन्याओं को स्टेशनरी सामग्री, उपहार एवं फल-प्रसाद वितरित किए गए। माता रानी के जयकारों से सम्पूर्ण वातावरण गूंज उठा।
शाखा अध्यक्ष अनिल मदान ने अपने संदेश में कहा कि कन्या पूजन मात्र एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज में नारी शक्ति के सम्मान और उनके महत्व को स्वीकार करने का प्रतीक है। कार्यक्रम का समापन “जय माता दी” के जयकारों के साथ हुआ। अंत में सभी सदस्यों व उपस्थित भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर मातृशक्ति का आशीर्वाद प्राप्त किया।
