भारत विकास परिषद कृष्ण शाखा ने 40 जरूरतमंद बच्चों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री

करनाल, 30 जून:- भारत विकास परिषद, कृष्ण शाखा, करनाल द्वारा शाखा अध्यक्षा श्रीमती सोनिया मेहता के नेतृत्व में परिषद के संस्थापक महासचिव डॉ. सूरज प्रकाश  की जयंती के उपलक्ष्य में उनकी प्रेरणा से राधा-कृष्ण गौशाला, अर्जुन गेट, करनाल के समीप स्थित बस्ती में लगभग 40 जरूरतमंद बच्चों को स्कूल बैग, पुस्तकें, कॉपियाँ, पेन, पेंसिल एवं अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया। 
यह सामग्री श्री नरेश अरोड़ा जी एवं श्रीमती हर्षिता सुखीजा जी द्वारा प्रदान की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के गायन के साथ हुआ। इस बस्ती में रहने वाली लगभग 18 वर्षीय प्रियंका, जो एक पैर न होने के बावजूद बैसाखी के सहारे पिछले दो वर्षों से छोटे बच्चों को निःशुल्क शिक्षा दे रही हैं तथा स्वयं भी 12वीं कक्षा की छात्रा हैं, वास्तव में हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। 
इस अवसर पर श्रीमती सोनिया मेहता जी ने बच्चों को शिक्षा के महत्व एवं नैतिक मूल्यों से संबंधित प्रेरणादायक बातें बताईं। आज के सेवा प्रकल्प में श्रीमती नीतू अरोड़ा जी ने बच्चों के बैठने हेतु दो दरियों की सेवा प्रदान की तथा प्रकल्प प्रमुख द्वारा सभी बच्चों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के समापन उपरांत सभी शाखा सदस्यों ने राधा-कृष्ण गौशाला पहुँचकर श्रद्धापूर्वक गोमाता की आरती की एवं गौसेवा का संकल्प लिया। 
इस प्रकार सेवा और भक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में शाखा के सदस्यों रीटा मदान, राज अरोड़ा, सुमन तरीका, अजित तरीका, ज्योति अरोड़ा, सोनिया हंस, राकेश हंस एवं रजनी पुरी का विशेष सहयोग रहा। भारत विकास परिषद, कृष्ण शाखा, करनाल उनकी सेवाभावना एवं समर्पण के लिए हृदय से आभार एवं धन्यवाद व्यक्त करती है।