फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल से रहें सावधान पैसे भेजने से पहले अवश्य करें सत्यापन पुलिस अधीक्षक हांसी
हांसी:- पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार के कुशल मार्गदर्शन में हांसी पुलिस द्वारा आमजन को साइबर अपराधों के प्रति लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में नागरिकों को सोशल मीडिया पर बढ़ रहे फर्जी प्रोफाइल फ्रॉड से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस अधीक्षक हांसी विनोद कुमार ने बताया कि साइबर ठग फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपके मित्रों, रिश्तेदारों या परिचितों के नाम से फर्जी प्रोफाइल बनाकर आपातकालीन स्थिति का बहाना करते हुए पैसों की मांग कर सकते हैं। कई बार लोग बिना पुष्टि किए भावनात्मक रूप से प्रभावित होकर पैसे भेज देते हैं और साइबर ठगी का शिकार हो जाते हैं।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि सोशल मीडिया के माध्यम से किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने का संदेश प्राप्त होता है तो राशि भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से उसके वास्तविक मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें। केवल सोशल मीडिया प्रोफाइल, मैसेज या चैट के आधार पर किसी भी प्रकार का आर्थिक लेन-देन न करें।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिक अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी, यूजर आईडी, पासवर्ड अथवा अन्य व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी संदिग्ध प्रोफाइल, लिंक या संदेश की जांच-पड़ताल अवश्य करें।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता ही सबसे प्रभावी उपाय है। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो वह तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करे अथवा साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
