टिकाऊ सुरक्षित और साइंटिफिक कृषि पद्धतियाँ को बढ़ावा देने पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
पटियाला:- टिकाऊ, सुरक्षित और साइंटिफिक कृषि पद्धतियाँ को बढ़ावा देने के लिए एग्रोकेमिकल उद्योग और उसके डीलर नेटवर्क के बीच सहयोग को मजबूत करने के उद्देश्य से, एग्रोकेमिकल उद्योग एनजीओ एग्रो केमिकल फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसीएफआई) ने बुधवार को पटियाला में कृषि विशेषज्ञों, डीलरों और वितरकों के लिए अवेयरनेस व इन्टरैक्शन कार्यक्रम आयोजित किया।
इस अवसर पर, कृषि विशेषज्ञों ने जिम्मेदार उत्पाद उपयोग, किसानों में जागरूकता की आवश्यकता, उद्योग और वितरकों की संयुक्त देखरेख पहलों, तथा बदलते नियामक मानदंडों के बीच सुरक्षित कृषि प्रथाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भारतीय कृषि और किसानों के कल्याण का समर्थन करते हुए एग्रोकेमिकल्स के सुरक्षित, वैज्ञानिक और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने में अधिक प्रभावी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए, कृषि विभाग, पटियाला के मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. दारा सिंह ने कहा कि सरकार टिकाऊ कृषि प्रथाओं के अनुरूप फसल सुरक्षा उत्पादों के सुरक्षित और विवेकपूर्ण उपयोग पर अधिक जागरूकता को प्रोत्साहित करने के उद्योग के प्रयासों का स्वागत करती है।
उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि डीलरों और वितरकों की कैपेसिटी बिल्डिंग आवश्यक है, क्योंकि वे अक्सर किसानों के लिए तकनीकी मार्गदर्शन का पहला स्रोत होते हैं। उन्होंने कहा कि जिम्मेदार परामर्श को बढ़ावा देकर, नकली उत्पादों को रोककर और नियामक दिशानिर्देशों के अनुपालन को प्रोत्साहित करके, ऐसी पहल मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की रक्षा करते हुए खेती के बेहतर परिणामों में योगदान देती हैं।
एसीएफआई के डायरेक्टर जनरल कल्याण गोस्वामी ने कहा कि यह आयोजन जिम्मेदार परामर्श प्रथाओं के माध्यम से किसानों का विश्वास बनाने, कीटनाशकों के उपयोग से जुड़ी भ्रांतियों/गलत जानकारियों को दूर करने, उद्योग और वितरण नेटवर्क के बीच समन्वय को मजबूत करने तथा ज़मीनी स्तर पर किसान शिक्षा में सुधार करने पर केंद्रित था।
गोस्वामी ने जोर देकर कहा कि दीर्घकालिक कृषि स्थिरता का समर्थन करने, सुरक्षित उपयोग प्रथाओं पर जागरूकता बढ़ाने और उभरते हुए नियामक ढांचों के अनुपालन को मजबूत करने के लिए मजबूत सहयोग बेहद महत्वपूर्ण हो गया है।
