वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण के लिए एल्डरलाइन हेल्पलाइन14567 के संबंध में जागरूकता अभियान

संगरूर, 08 जुलाई:- पंजाब सरकार के सामाजिक सुरक्षा और महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा राज्य के वरिष्ठ नागरिकों (बुजुर्गों) के कल्याण, सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन को सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी के तहत विभाग द्वारा चलाई जा रही "पंजाब एल्डरलाइन हेल्पलाइन - 14567" के बारे में आम लोगों और विशेषकर बुजुर्गों को जागरूक करने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया गया है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए डिप्टी कमिश्नर, संगरूर, श्रीमती पूनमदीप कौर ने बताया कि इस मुफ्त हेल्पलाइन नंबर 14567 के माध्यम से बुजुर्गों को कानूनी मार्गदर्शन, सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी, काउंसलिंग (मानसिक सहायता), शिकायतों का निपटारा और अन्य आवश्यक सहायता सेवाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं।
यह देखने में आया है कि बहुत से वरिष्ठ नागरिक अभी भी इस हेल्पलाइन द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं से पूरी तरह अवगत/जागरूक नहीं हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक जागरूकता फैलाई जा रही है।
इस जागरूकता अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, पंचायती राज संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों, ब्लॉक और गांव स्तर के अधिकारियों, वरिष्ठ नागरिक संघों और अन्य गैर-सरकारी संगठनों (NGO) का सहयोग लिया जा रहा है।
उन्होंने सभी नागरिकों और बुजुर्गों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की मदद या जानकारी के लिए बिना किसी झिझक के टोल-फ्री नंबर 14567 पर संपर्क करें ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बुजुर्ग इस सेवा का लाभ उठा सकें।