एवीटी स्टाफ ने कार चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह के 3 सदस्यों को किया गिरफ्तार

अंबाला, 22 फ़रवरी:- पुलिस अधीक्षक अम्बाला के कुशल मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा चोरी, लूट और स्नैचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एवीटी (AVT) टीम ने थाना अंबाला कैंट में दर्ज कार चोरी के एक मामले में कार्यवाही करते हुए तीन अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान  विनीत गौत्तम और शुभम निवासी गाँव चरासौ, थाना सदर पटियाला, पंजाब,  गौत्तम निवासी गाँव चरासौ, थाना सदर पटियाला, पंजाब और तोसिफ निवासी असरफ अली मौहल्ला, कस्बा गंगोह, जिला सहारनपुर, उत्तर प्रदेश के तौर पर हुइ है। 
एवीटी प्रभारी निरीक्षक ऋषिपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता श्री कुलविंदर सिंह (निवासी पटियाला) ने 15 नवंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि 10 नवंबर 2025 को इन्द्रा पार्क, अंबाला कैंट के पास से उनकी कार अज्ञात चोर ने चोरी कर ली थी। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर इन तीनों आरोपियों को पहले ही थाना बलदेव नगर कार चोरी मामले में गिरफ्तार किया था आरोपियों को कल प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।
 माननीय न्यायालय से प्राप्त एक दिन के पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आया था कि यह गिरोह विशेष रूप से छोटी गाड़ियों को निशाना बनाता था और चोरी के बाद उन्हें आगे कटवा देता था। 
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 21,500 रुपये की नकद राशि बरामद की है। यह राशि चोरी की गई गाड़ी को बेचने/कटवाने से प्राप्त हुई थी। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इन आरोपियों के खिलाफ अंबाला और आसपास के क्षेत्रों में गाड़ी चोरी के कई अन्य मामले भी दर्ज हैं। आरोपियों को आज रिमांड अवधि समाप्त होने के पश्चात माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।