असंध विधायक योगेन्द्र राणा बने हरियाणा स्टेट लेवल टास्क फोर्स चेयरमैन
करनाल, 7 अक्तूबर: असंध के विधायक योगेन्द्र राणा को हरियाणा के राज्यपाल ने स्टेट लेवल स्वच्छता टास्क फोर्स का चेयरमैन नियुक्त किया है। उपाध्यक्ष के रूप में सुभाष चंद्रा की सेवाएं बढ़ाई गई हैं। यह नियुक्ति ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा सरकार द्वारा जारी आदेश के माध्यम से की गई है। इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने पर विधायक योगेन्द्र राणा ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए शीर्ष नेतृत्व का हृदय से धन्यवाद किया।
उन्होंने विशेष रूप से हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, तथा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली का आभार जताया। योगेन्द्र राणा ने कहा, “नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर पूरी तरह खरा उतरने का प्रयास करूंगा। पूरी लगन और ईमानदारी से इस नई जिम्मेदारी को निभाऊंगा और हरियाणा के ग्रामीण विकास तथा जनकल्याण के कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध रहूंगा।”
उन्होंने आगे कहा कि स्टेट लेवल टास्क फोर्स के माध्यम से प्रदेश की ग्रामीण जनता के लिए चलाई जा रही योजनाओं को ज़मीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा और यह सुनिश्चित किया जाएगा कि उनका लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। उनकी इस नियुक्ति पर असंध क्षेत्र के लोगों में खुशी की लहर है।
कार्यकर्ताओं ने असंध मार्केट कमेटी चेयरमैन प्रवीण राणा मुनक और वाइस चेयरमैन राम अवतार जिंदल के नेतृत्व में लड्डू बांटकर खुशी का इजहार किया और मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री तथा भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया।
