आर्य कालेज ने नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत किया विद्यार्थियों को जागरूक
अंबाला, 18 दिसंबर:- आर्य कॉलेज, अम्बाला छावनी के प्रांगण में नशा मुक्ति भारत अभियान के तहत नशा सेवन के दुष्प्रभावों से अवगत कराने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजु बाला ने विद्यार्थियों को कहा कि आप को सभी प्रकार के नशीले पदार्थों से स्वयं तो दूर रहना ही है साथ ही अपने आस-पास के हर एक व्यक्ति विशेष तक जागरूकता का संदेश पहुंचाना है कि नशा स्वास्थ्य को ही नहीं अपितु पूरे परिवार के लिए दुखद समय लेकर आता है। समाज में फैलते इस जहर को हमारा आपसी सहयोग ही इसे जड़ से खत्म कर सकता है क्योंकि इसके विनाशकारी प्रभावों का दृश्य भयानक होता है।
प्रो. रंजू त्रेहन ने कहा कि समाज में बहुत से व्यक्ति ऐसे भी हैं जो हमारी युवा पीढ़ी को बहलाफुसला कर, लोभ लालच देकर या सच्चे दोस्त होने का ढोंग रचा कर उन्हें नशे की लत लगा देते हैं। इस प्रकार के लोगों से हमें बच कर रहना चाहिए। डॉ. रेखा ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति को आत्म नियंत्रण से दूर करती है और विनाश की ओर ले जाती है।परिजनों को अपने बच्चों से बातचीत करते रहना चाहिए ताकि उनकी गलत संगति का समय रहते ही पता चल सके।
प्राचार्य ने बताया कि अभियान सैल द्वारा नुक्कड़ नाटक, स्लोगन लेखन, भाषण, पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग, निबंध लेखन, रैली शपथ समारोह इत्यादि का आयोजन किया जाता है। इस कार्यक्रम में प्रो. सिल्वी, डॉ. पंकज, प्रो. विशाल, दीपिका, नीशू व अन्य सभी स्टाफ सदस्य शामिल हुए।
