गुरूनानकपुरा में नशे के खिलाफ यात्रा ट्रस्ट ने डीजीपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की रखी मांग
फतेहाबाद, 9 जनवरी:- नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा 10 जनवरी को शहर के गुरूनानकपुरा मोहल्ला में यात्रा निकाली जाएगी। गुरूनानकपुरा मोहल्ले को नशा तस्करों का गढ़ माना जाता है और यहां नशे के कारोबार से जुड़ी महिलाओं द्वारा ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह व उनके परिवार को धमकियां भी दी जा चुकी हैं। ऐसे में यात्रा के सुचारू और सुरक्षित आयोजन को लेकर ट्रस्ट द्वारा पुलिस महानिदेशक, हरियाणा को पत्र लिखकर सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की अपील की गई है।
डीजीपी को लिखे पत्र में महाशक्ति चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक भवानी सिंह ने कहा है कि उनकी संस्था द्वारा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पिछले करीब एक साल से फतेहाबाद में नशे के विरूद्ध निरंतर कार्य कर रही है। इस दौरान ट्रस्ट द्वारा सैंकड़ों युवाओं को नशे की चपेट से बाहर निकालकर उनका उपचार करवाया गया है, जिससे उनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है और वे पुन: समाज की मुख्य धारा से जुड़ चुके हैं।
भवानी सिंह ने कहा कि नशे के विरूद्ध जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ट्रस्ट द्वारा ‘एक यात्रा नशे के खिलाफ’ नामक जागरूकता यात्रा भी संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य आमजन विशेष युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। इसी क्रम में ट्रस्ट द्वारा 10 जनवरी को गुरूनानकपुरा मोहल्ला फतेहाबाद में यह जागरूकता यात्रा निकाली जानी है।
गुरूनानकपुरा मोहल्ला को नशा कारोबार का एक संवेदनशील एवं प्रभावी क्षेत्र माना जाता है। ऐसे में आशंका है कि वहां सक्रिय कुछ नशा कारोबारी एवं असामाजिक तत्व इस जागरूकता यात्रा को बाधित करने या अव्यवस्थित करने का प्रयास कर सकते हैं। भवानी सिंह ने डीजीपी हरियाणा से निवेदन है कि यात्रा की गंभीरता एवं सामाजिक महत्व को देखते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग को इस बारे आवश्यक निर्देश जारी करें।
ताकि जागरूकता यात्रा को उचित सुरक्षाएवं प्रशासनिक सहयोग प्राप्त हो सके और यह कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके। भवानी सिंह ने कहा कि वह निडर होकर नशे के विरूद्ध यह अभियान जारी रखेंगे ताकि समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।
