एंटीचिट्टा वॉकाथॉन 16 सितंबर को
ऊना, 7 सितंबर:- मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे जन-जागरूकता अभियान के तहत ऊना में ‘एंटी-चिट्टा वॉकाथॉन’ का आयोजन 16 सितंबर को किया जाएगा। उपायुक्त जतिन लाल ने यह जानकारी दी।
वॉकाथॉन इंदिरा स्टेडियम ऊना से शुरू होकर बस स्टैंड के समीप यू-टर्न लेते हुए वापस इंदिरा स्टेडियम में संपन्न होगी। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू प्रातः लगभग 10 बजे वॉकाथॉन को हरी झंडी दिखाएंगे तथा प्रतिभागियों के साथ स्वयं भी वॉकाथॉन में चलेंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री युवाओं से संवाद भी करेंगे।
वॉकाथॉन का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा समाज में नशे के विरुद्ध सामूहिक चेतना को मजबूत करना है। विशेषकर युवा वर्ग को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित करने पर जोर रहेगा।
उपायुक्त ने युवाओं, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों तथा आमजन से इस जन-जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है और सामूहिक प्रयासों से ही नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।
