कलश यात्रा के साथ हनुमान मंदिर जवाहर नगर का वार्षिक महोत्सव शुरु

हिसार, 29 मार्च:- रामभक्त हनुमान मंदिर समिति, गली नम्बर-2 जवाहर नगर के 31वें वार्षिक महोत्सव के उपलक्ष्य में आज प्रात: ढोल-ढमाकों के साथ कलश यात्रा निकाली गई। सैंकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश उठाये यात्रा में भाग लिया। पूरा क्षेत्र जयश्रीराम व बजरंग बली के जयकारों से गूंज उठा। कलश यात्रा से पूर्व हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। 
इस अवसर पर नगर पार्षद राजेश अरोड़ा रिंकू के अलावा मंदिर समिति की ओर से के.के.सेहरा, भगतचंद मेहता, प्रीतम छाबड़ा, हरबंस ग्रोवर, सुरेश बांगा, दीपक गौतम, विनोद बिश्नोई, ललित राठी, मोहित गांधी, राजकुमार तनेजा, रामसहाय कक्कड़, सुरेश जैन, ओमप्रकाश ग्रोवर, ललित सुखीजा, पं. नीलमणि शास्त्री आदि भी उपस्थित रहे।
        मंदिर समिति के प्रधान इन्द्र चंद राठी ने बताया कि कलश यात्रा के बाद संगीतमय हनुमान कथा शुरु की गई। रोहतक से आए कथा व्यास अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त भागवताचार्य श्रीराम निरमोही ने प्रवचन दिए। इससे पूर्व हिसार के भजन सम्राट डॉ. मोहन तनेजा ने भजनों की वर्षा की। इन्द्र चंद राठी ने बताया कि 1 अप्रैल तक रोजाना सायं 4 बजे से 7 बजे तक कथा होगी। 1 अप्रैल को प्रात: 6:30 बजे सत्यनारायण कथा की जाएगी।
 इसके बाद अखण्ड हनुमान चालीसा पाठ प्रारंभ किये जाएंगे जिनका समापन 2 अप्रैल को प्रात: 7:30 बजे किया जाएगा। इसके बाद हवन किया जाएगा। प्रात: 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक स्वामी सत्यानंद महाराज व अन्य विद्वजन भजन, सत्संग व प्रवचन देंगे। दोपहर 1 बजे भंडारा चलाया जाएगा। इसी दिन सायं 7:30 बजे सामूहिक सुंदरकाण्ड का पाठ किया जाएगा।