अमृतसर पुलिस ने हथियार तस्करी मॉड्यूल का किया भंडाफोड़ 7 पिस्तौल बरामद

अमृतसर:- अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 40 जिंदा कारतूसों सहित 7 आधुनिक पिस्तौल बरामद किए हैं। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी।
डीजीपी गौरव यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया ऐप्स के माध्यम से विदेशी तस्करों के संपर्क में थे। वे आपराधिक तत्वों को हथियार उपलब्ध कराने के लिए सीमा पार के रास्तों से अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहे थे।
इस संबंध में थाना सुल्तानविंड, अमृतसर में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अवैध हथियारों की सप्लाई चेन में शामिल अन्य सहयोगियों की पहचान करने और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लिंक का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।
डीजीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों की तस्करी, संगठित अपराध और सीमा पार संचालित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर दृढ़ता से काम कर रही है।