अमृतपाल सिंह ‘कमल कौर भाभी’ की हत्या के बाद यूएई भाग गया
बठिंडा, 15 जून - सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कंचन कुमारी उर्फ कमल कौर भाभी की हत्या के कुछ घंटों बाद निहंग अमृतपाल सिंह मेहरून अमृतसर एयरपोर्ट से फ्लाइट पकड़कर यूएई भाग गया। यह दावा बठिंडा की एसएसपी अमनीत कोंडल ने किया है। गौरतलब है कि बठिंडा पुलिस ने शनिवार को अमृतपाल सिंह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया था क्योंकि पुलिस को संदेह था कि वह विदेश भागने की कोशिश कर सकता है।
कोंडल ने कहा, “जब हमने अमृतपाल के पासपोर्ट का विवरण प्राप्त किया और उसके यात्रा रिकॉर्ड की जांच की, तो हमें पता चला कि वह कंचन की हत्या करने के बाद यूएई भाग गया था। अब हम यूएई से उसके निर्वासन के लिए कागजी कार्रवाई शुरू कर रहे हैं। हमने वहां के अधिकारियों को सूचित किया है कि वह यहां एक हत्या के मामले में वांछित है।”
पुलिस ने दावा किया कि अमृतपाल के दो अन्य सहयोगियों - तरनतारन जिले के सोहल गांव के रंजीत सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति - का नाम एफआईआर में दर्ज किया गया है। “उन्होंने अपराध करने के बाद अमृतपाल को कार में भागने में मदद की। एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि अमृतपाल ने तीन महीने पहले ही हत्या की योजना बना ली थी।
उसने अपने दो साथियों के साथ लुधियाना में जासूसी भी की थी। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि मृतका लुधियाना की रहने वाली थी और अमृतपाल और उसके साथी उसके घर के पास ही एक होटल में भी रुके थे।
मामले में अब तक कुल पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन पर सबूत नष्ट करने का भी आरोप लगाया गया है। गौरतलब है कि कंचन का जला हुआ शव शुक्रवार रात बठिंडा-चंडीगढ़ हाईवे पर आदेश यूनिवर्सिटी के बाहर खड़ी कार की पिछली सीट पर मिला था।
