जिला सशक्तिकरण से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव रणबीर गंगवा

हिसार, 8 मार्च:- लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने कहा है कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान, अधिकारों और उनके योगदान को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा रही हैं।
वे रविवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर रेयांश इंटरनेशनल स्कूल के परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में महान समाज सुधारक महात्मा ज्योतिबा फुले और देश की प्रथम शिक्षा का माता सावित्रीबाई फुले को नमन करने उपरांत अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के बिना किसी भी समाज का समुचित विकास संभव नहीं है। 
हरियाणा सरकार महिलाओं की शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं चला रही है, जिनका लाभ समाज की बेटियों और महिलाओं को मिल रहा है। कैबिनेट मंत्री ने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ने और अपने जीवन में ऊंचे लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाने का उद्देश्य समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान और समानता की भावना को मजबूत करना है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में सामाजिक जागरूकता और सकारात्मक सोच विकसित होती है। इस अवसर पर स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
 इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन सतबीर वर्मा, युवा भाजपा नेता भूपेंद्र पनिहार, सरपंच ऋतु वर्मा, रवि सैनी, डॉ दलबीर सैनी, राजकुमार वर्मा, दयानंद सैनी, पर्वतारोही अनीता कुंडू, प्रहलाद सैनी, डायरेक्टर सतवीर सैनी, अंजू सैनी, मनीषा सिंह सहित क्षेत्र के कई गणमान्य व्यक्ति, अभिभावक, शिक्षकगण और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।