आकाशवाणी जालंधर के प्रोग्राम ऑफिसर सोहन 32 वर्षों की शानदार सेवा के बाद सेवानिवृत्त
जालंधर- हाल ही में, आकाशवाणी जालंधर के पैक्स कोऑर्डिनेशन ऑफिसर सोहन कुमार को 32 वर्षों की शानदार सेवा के बाद सेवानिवृत्ति के अवसर पर समस्त स्टाफ द्वारा भावभीनी विदाई दी गई। अप्रैल 1994 में आकाशवाणी जालंधर में ट्रांसमिशन एग्जीक्यूटिव के पद पर ड्यूटी ऑफिसर के रूप में नियुक्त होने के बाद, उन्होंने प्रोग्राम ऑफिसर रहते हुए कई पदों पर अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने 2 साल तक हिंदी ऑफिसर और 6 साल तक आकाशवाणी के डीडीओ (DDO) का अतिरिक्त प्रभार भी संभाला। वे 'वीमेन सेफ्टी सेल' के साथ-साथ 'स्पेशल इन्क्वायरी कमेटी' के सदस्य भी रहे।
अपनी विशेष कार्यकुशलता और निष्ठा के कारण, उन्होंने आकाशवाणी के प्रमुख डीडीजी (इंजी.) श्री रणजीत मीणा के साथ 'कम्युनिटी रेडियो इंस्पेक्शन' टीम के सदस्य के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई। इस अवसर पर डीडीजी श्री मीणा ने कहा, "सोहन कुमार को मेरे साथ काम करते हुए दो साल हो गए हैं, जैसा व्यवहार मैंने इनका देखा है, वह बहुत कम लोगों में देखने को मिलता है।" आकाशवाणी प्रोग्राम हेड एडीपी परमजीत सिंह ने कहा कि सोहन कुमार ने किसी भी कर्मचारी को शिकायत का मौका नहीं दिया, उनमें विनम्रता से सभी मसले सुलझाने का विशेष हुनर है।
सोहन कुमार ने अपने कार्यकाल के दौरान दो साल आकाशवाणी भद्रवाह (जम्मू) में भी सेवा दी। साथ ही, उन्हें अपने एक अन्य साथी पैक्स नवदीप सिंह के साथ ईरान में 'इंटरनेशनल रेडियो फेस्टिवल' में भाग लेने का मौका भी मिला।
विदाई समारोह में सोहन कुमार के साथ उनकी पत्नी मोनिका मेहता (जो खुद एक रेडियो जॉकी हैं), दोनों बेटे, उनके चाचाजी और अन्य पारिवारिक सदस्य उपस्थित थे। अपने विदाई भाषण में सोहन कुमार ने कहा कि आकाशवाणी ने मुझे मेरी हैसियत से कहीं अधिक प्यार और सम्मान दिया है, इसके लिए मैं अपने सभी साथियों का तहे दिल से ऋणी और शुक्रगुजार हूं।
आकाशवाणी के स्टाफ की ओर से गायक-संगीतकार मन्नू सीन, रजनी चड्ढा, परमजीत सोना, कंवरजसपाल सिंह और सुखदीप सिंह ने गीतों-ग़ज़लों से समां बांध दिया। आकाशवाणी के सहयोगियों राजेश बाली, प्रतिष्ठा जैन, गुरनाम सिंह, प्रभजोत कौर, सुखदीप, गुरविंदर संधू, अमनदेव जोशी, सतीश शर्मा और अनिल सोनी ने स्टाफ की ओर से उन्हें 'स्मृति चिन्ह' भेंट किया।
विशेष रूप से आमंत्रित उनके बैचमेट और मित्र करनवीर, बलजीत शर्मा, प्रो. गुरदेव सिंह देव, प्रवेश कुमार, राजकुमार तुली, गुरविंदर गैरी और धर्मपाल आदि भी उपस्थित थे। विदाई समारोह का संचालन बीरेंद्र सिंह ने किया। ऑफिस में केक काटने और चाय के बाद सोहन कुमार को उनके परिवार सहित खुश-खुश विदा किया गया।
