अग्रवाल वैश्य समाज की रतिया महिला इकाई का गठन सीमा बंसल बनीं अध्यक्ष
रतिया, 6 जून (पैगाम-ए-जगत): अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक बुवानीवाला के निर्देशों तथा प्रदेश महासचिव राजेश सिंगला के मार्गदर्शन में महिला प्रदेश अध्यक्ष सुशीला सर्राफ और जिला अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल से विचार-विमर्श के उपरांत महिला जिला अध्यक्ष दीपिका बंसल ने रतिया विधानसभा महिला इकाई का गठन किया है।
यह जानकारी देते हुए जिला कोषाध्यक्ष विपिन गोयल ने बताया कि महिला जिला अध्यक्ष दीपिका बंसल ने सीमा रानी बंसल को रतिया विधानसभा महिला इकाई का अध्यक्ष, सिया रानी को महासचिव तथा अनीता रानी को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने बताया कि नवगठित महिला इकाई को संगठन के विस्तार और सामाजिक गतिविधियों को गति देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
विपिन गोयल ने बताया कि नव नियुक्त महिला अध्यक्ष को 11 सदस्यीय कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसके साथ ही संगठन की "एक परिवार-एक सदस्य" योजना को प्रभावी रूप से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक परिवारों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जल्द ही जिला अध्यक्ष राजेंद्र मित्तल द्वारा टोहाना विधानसभा इकाई तथा जिला स्तरीय इकाई का भी गठन किया जाएगा। इसके माध्यम से जिले में सामाजिक, सांस्कृतिक और जनकल्याणकारी गतिविधियों को और अधिक बढ़ावा दिया जाएगा।
विपिन गोयल ने बताया कि अग्रवाल वैश्य समाज हरियाणा प्रदेश का एक ऐसा सक्रिय संगठन है, जिसकी विधानसभा और जिला स्तर की इकाइयां पिछले एक दशक से अधिक समय से समाज सेवा के कार्यों में निरंतर योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य अग्रवाल वैश्य समाज के लोगों को सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक रूप से जागरूक करना तथा समाज की भागीदारी को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य को लेकर संगठन लगातार कार्य कर रहा है।
