होशियारपुर में ऑपरेशन प्रहार2 की निगरानी करने पहुंचे एडीजीपी शिवे कुमार वर्मा
होशियारपुर:- शिवे कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी), ने होशियारपुर पहुंचकर चल रहे ऑपरेशन प्रहार-2 की स्वयं निगरानी की। यह अभियान जिले में अपराधियों और नशा तस्करों के खिलाफ बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है।
होशियारपुर से वरिष्ठ संवाददाता दलजीत अज़नोहा से बातचीत करते हुए एडीजीपी ने बताया कि यह विशेष अभियान पिछले 72 घंटों से लगातार जारी है। अब तक करीब 1,250 अपराधियों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 125 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा 400 से अधिक स्थानों पर छापेमारी की गई है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान में लगभग 600 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। साथ ही 60 विशेष टीमें नाका ड्यूटी, बस स्टैंड और अन्य संवेदनशील स्थानों पर चेकिंग के लिए लगाई गई हैं।
नशे के खिलाफ चल रहे विशेष अभियान के बारे में ADGP ने कहा कि इस दौरान कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है तथा ड्रग्स के अवैध कारोबार से जुड़ी संपत्तियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे बिना किसी डर या हिचकिचाहट के पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दें। “पुलिस जनता के लिए है, और अपराध व नशे के खिलाफ इस लड़ाई को जीतने के लिए आम लोगों का सहयोग बेहद जरूरी है,” उन्होंने कहा। उन्होंने यह भी जोर दिया कि इस अभियान को सफल बनाने में मीडिया की भूमिका भी महत्वपूर्ण है।
ऑपरेशन प्रहार-2 के तहत पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है और जिले में अपराध व नशे के नेटवर्क पर सख्त शिकंजा कसा जा रहा है।
