अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने संभावित बाढ़ की रोकथाम संबंधी जिला अधिकारियों की बैठक की
नवांशहर- मानसून सीजन के मद्देनजर संभावित बाढ़ की रोकथाम और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) संजीव शर्मा ने आज जिला अधिकारियों के साथ एक अहम बैठक की।
बैठक के दौरान अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) ने ड्रेनेज, सिंचाई, लोक निर्माण, स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति, पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी कि बाढ़ की किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए अग्रिम प्रबंध निर्धारित समय में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी ड्रेनों, नालों और पुलियों की सफाई तुरंत करवाई जाए ताकि बारिश के पानी की निकासी में कोई रुकावट न आए।
सतलुज दरिया के किनारों और संवेदनशील बांधों की मजबूती का काम प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। बाढ़ प्रभावित होने वाले गांवों की पहचान करके वहां राहत केंद्रों, नावों, गोताखोरों, रस्सियों, रेत के बोरों और अन्य जरूरी साजो-सामान का पहले से ही प्रबंध सुनिश्चित किया जाए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) ने स्वास्थ्य विभाग को बाढ़ के दौरान फैलने वाली बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी दवाइयों का स्टॉक रखने और मेडिकल टीमें तैयार रखने के निर्देश दिए। पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारे और दवाइयों का प्रबंध करने के लिए कहा गया।
उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग को राहत शिविरों के लिए राशन का अग्रिम भंडारण करने और पुलिस विभाग को ट्रैफिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए योजना तैयार करने को कहा। एस.डी.एम. को अपने-अपने उप-मंडल में कंट्रोल रूम स्थापित करने और 24x7 काम करने वाली टीम तैनात करने के आदेश दिए गए।
अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (ज) ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी अधिकारी आपसी तालमेल से काम करें। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि प्रशासन द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में जिला बाढ़ नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
