43 डिग्री तापमान में एक्टिवा बना आग का गोला
अंबाला, 26 मई:- पड़ रही भीषण गर्मी में आज अंबाला कैंट के कबाड़ी बाजार चौक पर चलता हुआ एक एक्टिवा स्कूटर आग का गोला बन गया। राहगीरों ने देखते ही शोर मचा दिया जिससे स्कूटर सवार सतर्क हो गया। उसने जैसे ही सीट के भीतर से आग की लपटें उठती देखीं तो वह एक तरफ हो गया और खुद को बचा लिया।
आस-पास के दुकानदारों ने तुरंत पानी और अग्निशामक यंत्र (आग बुझाने वाले उपकरण) का उपयोग करके आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक स्कूटर काफी जल चुका था। इस दौरान वहां काफी भीड़ इकट्ठा हो गई।
भाजपा आईटी सेल के प्रमुख और मोची मंडी निवासी आशीष सभरवाल ने बताया कि वह किसी काम से एक्टिवा पर अंबाला कैंट के एसडीएम कार्यालय की ओर जा रहे थे। कबाड़ी चौक पर राहगीरों ने शोर मचाया कि उनके स्कूटर की सीट के नीचे आग लगी हुई है। उन्होंने सावधान होकर खुद को बचा लिया और स्कूटर सड़क के बीचों-बीच पूरी तरह से जल गया।
