आचार्य गगन ने सोहम ध्यान की गहन साधना करवाई

हिसार, 8 मार्च :- समर्थगुरु धारा संघ के तत्वाधान में आज हिसार संघ द्वारा साप्ताहिक संडे ध्यान सत्र का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में साधकों ने भाग लिया और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव किया। कार्यक्रम का संचालन  आचार्य गगन द्वारा किया गया, जिन्होंने उपस्थित साधकों को सोहम ध्यान की गहन साधना करवाई। आचार्य गगन ने बताया कि “सोहम” एक प्राचीन आध्यात्मिक मंत्र है, जिसका अर्थ है- “मैं वही हूँ” अर्थात आत्मा और परमात्मा की एकता का अनुभव। 
सोहम ध्यान श्वास के साथ किया जाने वाला एक सहज और प्रभावशाली ध्यान है। श्वास अंदर लेते समय मन ही मन “सो” का उच्चारण और श्वास बाहर छोड़ते समय “हम” का स्मरण। इस प्रक्रिया से साधक का मन वर्तमान क्षण में स्थिर होता है और भीतर की शांति जागृत होती है। आचार्य गगन  ने समझाया कि नियमित अभ्यास से तनाव, चिंता और मानसिक अशांति में कमी आती है तथा आत्मविश्वास और सकारात्मक ऊर्जा में वृद्धि होती है।
        कार्यक्रम के अंत में साधकों ने अपने अनुभव सांझा करते हुए बताया कि ध्यान के पश्चात उन्हें मानसिक हल्कापन, सकारात्मकता और गहरी शांति का अनुभव हुआ। समर्थगुरु धारा संघ के राष्ट्रीय संयोजक आचार्य सुभाष ने आचार्य गगन का आभार प्रकट किया और बताया कि इस प्रकार के ध्यान सत्र प्रत्येक रविवार को सुबह 7 से 9 बजे तक अपने साधना केंद्र कौशिक नगर में आयोजित किए जाते हैं, जिससे समाज में आध्यात्मिक जागरूकता और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा मिल सके।हिसार संघ द्वारा यह संडे ध्यान कार्यक्रम अत्यंत सफल और प्रेरणादायक रहा।