विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
करनाल, 03 मार्च:- जिला पुलिस थाना बुटाना के अंतर्गत पुलिस चौकी नीलोखेड़ी की टीम ने सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी सदाम हुसैन पुत्र इतरीस असांरी निवासी सा. फाजलपुर महरिला तराई, विहार वार्ड नं. 25 थाना रुद्रपुर जिला ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड (हाल मोकाम श्रृष्टि अपार्टमेंट, कुर्सी रोड गुडाखा, लखनऊ, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपी को मोतिहारी जेल, बिहार से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान आरोपी के कब्जे से 20 हजार रुपये नगद बरामद किए गए।
अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ईमीग्रेशन एजेंट का कार्य करता है और लोगों को वर्क परमिट के माध्यम से विदेश भेजने का झांसा देता था। उसने लखनऊ में ईजहान ईमीग्रेशन नाम से कार्यालय संचालित करना बताया तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक व इंस्टाग्राम पर अपने विज्ञापन भी चलाए हुए थे।
आरोपी के अनुसार फरवरी 2024 में शिकायतकर्ता सोहन लाल पुत्र हुक्मचंद निवासी भादसो चौक,गांव झीवरहेडी, जिला करनाल ने सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर उससे संपर्क किया। आरोपी ने उसे 14 लाख रुपये में लक्ज़मबर्ग (यूरोप), इंग्लैंड व ऑस्ट्रेलिया में वर्क परमिट पर भेजने का झांसा दिया।
आरोपी ने अलग-अलग तिथियों में शिकायतकर्ता से कुल 7 लाख रुपये प्राप्त किए तथा उसे लक्ज़मबर्ग का फर्जी वर्क परमिट व वीजा अपॉइंटमेंट लेटर देकर फरार हो गया और संपर्क समाप्त कर दिया। शिकायत के आधार पर थाना बुटाना, करनाल में मु0न0 29/2026 को संबधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। आज आरोपी की पुलिस रिमांड अवधि समाप्त होने पर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
