विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में आरोपिता काबू
करनाल, 7 दिसंबर:- जिला पुलिस थाना सदर की टीम ने उप निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपिता स्मृति पत्नी आकाश प्रीत सिंह, निवासी सुहाना हाइट्स अपार्टमेंट मोहाली सास नगर को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपिता को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता निखिल त्यागी की शिकायत पर थाना सदर करनाल में दिनांक 14 अक्टूबर 2025 को केस दर्ज किया गया था।
शिकायत में आरोप था कि महिला आरोपी व उसके साथियों ने कनाडा भेजने का झांसा देकर 14 लाख 12 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।
मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस पहले ही महिला आरोपी के साथी सुनंदन पठानिया को गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि रिमांड अवधि के दौरान आरोपिता से गहनता से पूछताछ कर पूरे प्रकरण का खुलासा किया जाएगा।
