चाकू की नोक पर छीनाझपटी करने वाला आरोपी काबू चाकू व छीनी गई नकदी बरामद
करनाल, 5 जनवरी:- जिला पुलिस करनाल थाना कुंजपुरा पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चाकू की नोक पर छीना-झपटी की वारदात को अंजाम देने वाले एक आरोपी को काबू करने में सफलता प्राप्त की है।
विगत शाम थाना कुंजपुरा की पुलिस टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए रविंद्र पुत्र बलवंत सिंह निवासी गांव कल्वेहड़ी, जिला करनाल को काबू किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक चाकू तथा छीनी गई कुछ नकदी बरामद की गई* है।
इस संबंध में अनुसंधान अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शिकायतकर्ता सुभाष सिंह ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह गांव नेवल क्षेत्र में मौजूद था, तभी आरोपी व उसके एक अन्य साथी ने चाकू दिखाकर उससे पैसे छीन लिए और मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना कुंजपुरा में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल भेज दिया गया है।
मामले में शामिल आरोपी के अन्य फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है, जिसे शीघ्र ही काबू कर लिया जाएगा।
