पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने वाला आरोपी गिरफ्तार

करनाल, 29 अगस्त:- पुलिस अधीक्षक करनाल श्री नरेंद्र बिजारणिया, भा.पु.से. के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा फायरिंग की वारदातों तथा अवैध हथियार रखने वाले आरोपियों के खिलाफ लगातार सख्त एवं प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सीआईए-2 प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में टीम ने पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग करने के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र बलबीर निवासी गांव हसनपुर, थाना मधुबन, करनाल के रूप में हुई है। टीम द्वारा वारदात में प्रयोग किया गया एक अवैध देशी कट्टा 315 बोर तथा एक रौंद बरामद किया है।
मामले के अनुसंधान अधिकारी सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार ने बताया कि आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर देर शाम गांव झीमरेहड़ी से गिरफ्तार किया गया।
अनुसंधान अधिकारी ने बताया कि दिनांक 24 जून 2026 की रात को शिकायतकर्ता साहिल पुत्र दिलावर सिंह निवासी गांव हसनपुर अपने दोस्तों के साथ हसनपुर से रसीन की तरफ जाने वाले रजवाहे की पटड़ी पर मौजूद था। इसी दौरान आरोपी संजय कुमार अपने दो अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचा और शिकायतकर्ता के साथ गाली-गलौच करने लगा।
शिकायतकर्ता द्वारा गाली देने का कारण पूछने पर आरोपी ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से अपनी पैंट में पीछे की तरफ छिपाकर रखा हुआ देशी कट्टा निकालकर फायर कर दिया। गोली शिकायतकर्ता के बाएं कंधे के पीछे से छूकर निकल गई, जिससे वह घायल हो गया। शिकायतकर्ता की शिकायत के आधार पर इस संबंध में थाना मधुबन में आर्म्स एक्ट सहित संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। टीम द्वारा मामले में फरार चल रहे आरोपी संजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की गहनता से जांच हेतु अग्रिम अनुसंधान जारी है। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयासरत हैं। आरोपियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।