केजरीवाल व सिसोदिया के आरोपमुक्त होने पर आप की प्रेस कांफ्रेंस
हांसी:– आम आदमी पार्टी की ओर से शनिवार को जिला कार्यालय हांसी में प्रेस कांफ्रेंस आयोजित की गई, जिसमें दिल्ली के माननीय न्यायालय द्वारा अरविंद केजरीवाल एवं मनीष सिसोदिया सहित सभी आप नेताओं को आरोपमुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। इस अवसर पर आप जिला अध्यक्ष राजेन्द्र सोरखी ने कहा कि यह फैसला केवल आप शीर्ष नेताओं की ही जीत नहीं, बल्कि सत्य, संविधान और ईमानदार राजनीति की जीत है।
उन्होंने कहा भाजपा ने केवल मात्र एक आधे अधूरे प्रदेश में सत्ता की चाह के लिये अरविंद केजरीवाल और मनीष सिसोदिया को झूठे मामलों में फंसाकर पाप कर्म किया है, जिसका खामियाजा भाजपा को जरूर भुगतना पड़ेगा। सोरखी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने राजनीतिक द्वेष की भावना से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया।
सीबीआई और ईडी के माध्यम से आम आदमी पार्टी के नेताओं को बदनाम करने का प्रयास किया गया, लेकिन माननीय न्यायालय के निर्णय ने सभी आरोपों को ही निराधार साबित कर सीबीआई के जांच अधिकारी के खिलाफ ही कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि यह फैसला बताता है कि सच्चाई को दबाया जा सकता है, लेकिन हराया नहीं जा सकता। जनता सब देख रही है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता ही देती है। आने वाले समय में जनता झूठ और साजिश की राजनीति का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी। जिला अध्यक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी शिक्षा, स्वास्थ्य, पारदर्शिता और जनकल्याण की राजनीति करती है, जबकि विरोधी दल केवल आरोपों और दुष्प्रचार की राजनीति में विश्वास रखते हैं।
प्रेस कांफ्रेंस में उपस्थित पार्टी पदाधिकारियों ने इसे लोकतंत्र की मजबूती का संकेत बताया। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से न्यायपालिका पर जनता का विश्वास और सशक्त हुआ है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी व्यक्त की और इसे ईमानदार राजनीति की नई शुरुआत बताया।
अंत में राजेंद्र सोरखी ने कहा कि यह समय केवल जश्न का नहीं, बल्कि जनसेवा के प्रति और अधिक प्रतिबद्धता का है। आम आदमी पार्टी हांसी में जनता के मुद्दों-रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और भ्रष्टाचार -को मजबूती से उठाती रहेगी और सच्चाई की राह पर डटी रहेगी।
