कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का कमाल जटिल ऑपरेशन से लौटाई आंखों की रोशनी
करनाल, 12 मई:- हरियाणा के करनाल स्थित कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज का नेत्र चिकित्सा विभाग दूर-दराज से आने वाले मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण बनता जा रहा है। अत्याधुनिक मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम की बदौलत यहां जटिल से जटिल आंखों के ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं। यही कारण है कि हरियाणा ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और अन्य राज्यों से भी मरीज इलाज के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
हाल ही में कुरुक्षेत्र निवासी रविंद्र शर्मा के लिए मेडिकल कॉलेज का नेत्र विभाग किसी वरदान से कम साबित नहीं हुआ। लंबे समय से आंखों की गंभीर समस्या से जूझ रहे रविंद्र शर्मा की दोनों आंखों में मोतियाबिंद था और उनकी रोशनी लगभग चली गई थी। परिजनों के अनुसार उन्होंने प्रदेश और देश के कई बड़े अस्पतालों में इलाज करवाने का प्रयास किया, लेकिन अधिकांश डॉक्टरों ने ऑपरेशन को जोखिम भरा बताते हुए हाथ खड़े कर दिए थे।
ऐसे में करनाल मेडिकल कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के अध्यक्ष डॉ. सुमित खंडूजा और उनकी टीम ने चुनौती स्वीकार की। विशेषज्ञ डॉक्टरों ने आधुनिक तकनीक और सावधानीपूर्वक सर्जरी के जरिए रविंद्र शर्मा की आंखों का सफल ऑपरेशन किया। ऑपरेशन के बाद रविंद्र शर्मा की आंखों की रोशनी वापस लौट आई, जिससे परिवार में खुशी का माहौल है।
रविंद्र शर्मा और उनके परिजनों ने डॉक्टरों की टीम का आभार जताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने उनके परिवार को नई उम्मीद दी है। उन्होंने कहा कि जहां अन्य अस्पतालों से निराशा मिली, वहीं करनाल मेडिकल कॉलेज के डॉक्टरों ने असंभव को संभव कर दिखाया।
उल्लेखनीय है कि कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज का नेत्र चिकित्सा विभाग आज क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बन चुका है। यहां प्रतिदिन कई जटिल आंखों के ऑपरेशन किए जाते हैं और मरीजों को आधुनिक सुविधाओं के साथ विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
