फतेहाबाद में कल होगा विशाल हिंदू सम्मेलन दर्शन नागपाल

फतेहाबाद, 27 फ़रवरी:- हिंदू समाज की एकता, जागरूकता एवं संगठन शक्ति को सशक्त करने के उद्देश्य से 28 फरवरी 2026, शनिवार को फतेहाबाद में एक विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी कार्यक्रम के संरक्षक एवं नगर परिषद फतेहाबाद के पूर्व प्रधान दर्शन नागपाल ने दी। दर्शन नागपाल ने बताया कि यह भव्य हिंदू सम्मेलन सायं 6 बजे से रात्रि 8 बजे तक श्री अरोड़वंश धर्मशाला, फतेहाबाद में आयोजित होगा। 
सम्मेलन में सनातन संस्कृति के गौरव, धर्म रक्षा एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन के दौरान भव्य भजन संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा, जिससे वातावरण भक्तिरस से ओत-प्रोत होगा। इसके साथ ही पूज्य संत-महात्माओं द्वारा धर्म प्रवचन किए जाएंगे, जिनमें सनातन ज्ञान एवं जीवन मार्गदर्शन पर प्रकाश डाला जाएगा। 
कार्यक्रम में विशाल सहभोज (लंगर) का भी आयोजन किया जाएगा, जो सामाजिक एकता का प्रतीक होगा। दर्शन नागपाल ने फतेहाबाद व आसपास के सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।