राजकीय महाविद्यालय हरोली में करियर काउंसलिंग प्रयोगशाला का आयोजन
हरोली/ऊना, 10 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के उद्देश्य से करियर काउंसलिंग प्रयोगशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में चितकारा यूनिवर्सिटी से डॉ. सुशांत गौतम तथा साहिल डोगरा को आमंत्रित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को उद्यमिता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विभिन्न व्यावसायिक अवसरों, स्टार्टअप की संभावनाओं तथा आधुनिक करियर विकल्पों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही विद्यार्थियों को AI, MBA और एचआर-फाइनेंस से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं, जिससे वे अपने भविष्य के करियर की दिशा को बेहतर ढंग से समझ सकें।
वक्ताओं ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में कौशल विकास, नवाचार और उद्यमिता की सोच अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार ने अतिथि वक्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए ऐसे कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाते हैं, ताकि विद्यार्थी अपने करियर को सही दिशा दे सकें।
अंत में महाविद्यालय स्टाफ ने अतिथि वक्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के करियर निर्माण में अत्यंत सहायक सिद्ध होते हैं। इस आजीविका परामर्श कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण प्रो. कैप्टन सोनिका सैनी, प्रो. कल्पना शर्मा, डॉ. शकुंतला राणा और डॉ. रिचा शर्मा भी उपस्थित रहे।
