भारतीय ड्रोन हमलों में 7 मरे, 6 घायल: पाकिस्तान
लाहौर, 12 मई - पाकिस्तानी अधिकारियों ने आज दावा किया कि पिछले शनिवार को पंजाब प्रांत के गुजरात शहर में भारतीय ड्रोन द्वारा किए गए हमलों में सात लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। सरकारी अधिकारी ने बताया कि भारतीय ड्रोनों द्वारा पंजाब के जिन इलाकों को निशाना बनाया गया है,
उनमें लाहौर, चिनियट, पाकपट्टन, खारियन, शेखूपुरा और जलापुर जाट शामिल हैं। अधिकारी ने कहा, "शनिवार को भारत की सीमा से लगे गांवों में भारतीय गोलाबारी और ड्रोन हमलों में सात लोग मारे गए और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।"
अधिकारी ने यह भी बताया कि लाहौर से लगभग 400 किलोमीटर दूर पंजाब के रहीम यार खान जिले में स्थित शेख जायद अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एयरबेस) शनिवार तड़के भारत द्वारा किए गए मिसाइल हमले में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा, "भारतीय हमले से उनके बुनियादी ढांचे को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसमें यूएई के राष्ट्रपति और उनके परिवार द्वारा इस्तेमाल किया जाने वाला रॉयल लाउंज भी शामिल है।"
रहीम यार खान के डिप्टी कमिश्नर खुर्रम जावेद ने दावा किया कि भारत ने मिसाइलों और ड्रोन दोनों से हवाई अड्डे को निशाना बनाया। जावेद ने कहा, "हमले में रॉयल लाउंज नष्ट हो गया और हवाई अड्डे के एप्रन क्षेत्र में 10 फुट चौड़ा गड्ढा हो गया।"
