जिंदगी की जंग हार गया बोरवेल में गिरा 4 वर्षीय निरवैर शव बरामद
अंबाला:- अंबाला के धनौरा गांव में मंगलवार सुबह बोरवेल में गिरे 4 वर्षीय निरवैर सिंह का शव बुधवार को बरामद कर लिया गया। तड़के करीब 3:25 बजे बचाव अभियान पूरा हुआ, लेकिन बच्चे को अंबाला के सिविल अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।
मेडिकल अधिकारी डॉ. ऋषिपाल ने बताया कि जैसे ही बच्चे को बोरवेल से बाहर निकाला गया, उसकी तत्काल चिकित्सकीय जांच की गई और उसे तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया गया है। बोरवेल में पानी भी मौजूद था, इसलिए मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
गौरतलब है कि धनौरा गांव निवासी निरवैर सिंह मंगलवार सुबह गांव के एक बोरवेल में गिर गया था। उसे बचाने के लिए पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और सेना के जवानों की सहायता से व्यापक बचाव अभियान चलाया गया। इसके लिए भारी मशीनरी भी लगाई गई थी।
जानकारी के अनुसार, निरवैर अपने पिता मनजीत सिंह के साथ सुबह करीब 6:30 बजे खेतों में अपने दादा के लिए खाना लेकर गया था। खेलते-खेलते वह अचानक पड़ोसी के खुले बोरवेल में गिर गया। उसकी चीखें सुनकर पिता और दादा ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण और आपातकालीन बचाव दल मौके पर पहुंचे, लेकिन उसे तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका।
