पंडित हजारीलाल सदन में कल होगा 4 स्टार लाइब्रेरी का शुभारंभ

हरियाणा/हिसार: क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत विराटनगर स्थित पंडित हजारीलाल सदन में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 4 स्टार लाइब्रेरी का भव्य उद्घाटन कल दोपहर 1:00 बजे किया जाएगा। इस अवसर पर हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता बरवाला नगर परिषद के अध्यक्ष रमेश बैटरीवाला करेंगे। 
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के पूर्व सदस्य एवं महर्षि दधीचि परमार्थ आश्रम ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. हर्ष मोहन भारद्वाज कार्यक्रम में अतिथियों का स्वागत करेंगे। डॉ हर्ष मोहन भारद्वाज ने बताया कि क्षेत्र में विद्यार्थियों की बढ़ती पढ़ाई की रुचि और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन के लिए उपयुक्त माहौल की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए इस लाइब्रेरी की स्थापना की गई है।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि यह लाइब्रेरी विद्यार्थियों को शांत, अनुशासित और आधुनिक वातावरण प्रदान करेगी, जिससे वे अपनी पढ़ाई पर बेहतर ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए यह लाइब्रेरी एक सशक्त मंच साबित होगी। उन्होंने बताया कि यह पहल क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोग बढ़-चढ़कर भाग लेंगे।